बिहार की सत्ता से जबरन हटाए गए पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने शनिवार को नई पार्टी "हिंदुस्तान अवाम मोर्चा" (हम) का एलान कर नीतीश कुमार को खुली चुनौती दे दी है। पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यकर्ता स्वाभिमान सम्मेलन में मांझी ने कहा कि "हम" नाम से बना यह मोर्चा "आप" (आम आदमी पार्टी) का भी बाप होगा। उन्होंने नीतीश कुमार पर जमकर वार किए।
मांझी ने अपने पुराने जख्म याद करते हुए कहा कि निर्माण के नाम पर करोड़ों का वारा-न्यारा हो रहा था। इसे रोकने की कोशिश की तो मुझे मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटा दिया गया। नीतीश कुमार के करीबी एक नेता 50-50 लाख रुपये लेकर डीएम व एसपी का ट्रांसफर करते हैं।
"हम" के बैनर तले 16 मार्च से बिहार का दौरा शुरू करेंगे, जिसकी शुरुआत मुजफ्फरपुर व खगड़िया से होगी। कहा, अलग पार्टी बनाने में अभी कुछ तकनीकी अड़चनें हैं। उन्होंने अपने समर्थकों से विधायकों के साथ गांधीगिरी करने की नसीहत दी। कहा, उनसे सवाल किया जाए कि मांझी ने क्या गड़बड़ी की जो उसे समर्थन नहीं दिया गया। विधायकों ने डर के मारे मुझे समर्थन नहीं दिया, आप लोग उन्हें अगले चुनाव में पूरी तरह डरा दें।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण के क्षेत्र में हजारों करोड़ का घोटाला हो रहा था। इसे रोकने के लिए एक सचिव को बदला तो उसके मंत्री ने जाकर आका मियां (नीतीश कुमार) से शिकायत की। विधानसभा अध्यक्ष ने तो ऐसा काम किया, जिसके लिए कोर्ट ने भी उन्हें लताड़ा। सम्मेलन में वृशिण पटेल एवं नरेंद्र सिंह सहित वह तमाम आठ मंत्री मौजूद थे, जो मांझी कैबिनेट में रह गए थे।
- See more at: http://naidunia.jagran.com/national-manjhis-new-party-hindustan-avam-morcha-316726#sthash.734yq1IM.dpuf